
देहरादून। उत्तराखंड में राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना (गोल्डन कार्ड) के अंतर्गत कैशलेस उपचार प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि अब सभी सूचीबद्ध अस्पतालों को चिकित्सा दावों के साथ मरीज का हस्ताक्षरित फीडबैक फार्म अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
यह व्यवस्था पहले से लागू आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना की तर्ज पर की गई है। इन योजनाओं के तहत उपचारित मरीजों से डिस्चार्ज के समय फीडबैक लिया जाता है, जिसमें उपचार की अवधि, जांच, दवाइयां, प्रक्रिया और कुल खर्च का विवरण दर्ज किया जाता है। अब यही प्रक्रिया राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना (एसजीएचएस/गोल्डन कार्ड) में भी लागू होगी।
प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद सिंह ह्यांकी ने बताया कि कई बार लाभार्थियों को यह जानकारी नहीं होती कि उनके उपचार के दौरान कौन-कौन सी जांचें की गईं, किस प्रकार की दवाएं दी गईं और कुल व्यय कितना हुआ। फीडबैक फार्म के माध्यम से अस्पतालों को यह समस्त विवरण मरीज को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि उपचार पूरी तरह कैशलेस रहा और मरीज से कोई अतिरिक्त धनराशि नहीं ली गई।
अब अस्पतालों को अपने चिकित्सा दावों के साथ लाभार्थी का विधिवत हस्ताक्षरित फीडबैक फार्म संलग्न करना होगा। यदि यह फार्म दावे के साथ प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधित अस्पताल को भुगतान नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दावों की जांच के दौरान फीडबैक फार्म की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, उपचारित लाभार्थियों को रेंडम आधार पर फोन कर फार्म में दी गई जानकारी का सत्यापन भी किया जाएगा।
प्रदेश में राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना के तहत राजकीय एवं स्वायत्तशासी कार्मिकों तथा पेंशनरों को अंशदान आधारित कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान में लगभग 5.16 लाख एसजीएचएस कार्डधारक हैं। अब तक 1.73 लाख मरीज भर्ती होकर योजना का लाभ उठा चुके हैं। योजना की शुरुआत से अब तक असीमित कैशलेस उपचार पर 641 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं, जबकि ओपीडी के 1.83 लाख दावों पर लगभग 300 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं।
नई व्यवस्था से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि अस्पतालों की जवाबदेही भी तय होगी और लाभार्थियों को अपने उपचार की पूरी जानकारी मिल सकेगी।





