
पौड़ी जनपद के कोटद्वार नगर में दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पटेल मार्ग स्थित वकील अहमद की कपड़े की दुकान ‘बाबा स्कूल ड्रेस एवं मैचिंग सेंटर’ के नाम को लेकर हुए विवाद की पुलिस ने औपचारिक जांच शुरू कर दी है। हालात को नियंत्रण में रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को भी नगर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
31 जनवरी को बजरंग दल के प्रदर्शन और हंगामे के बाद प्रशासन को आशंका है कि दूसरे पक्ष से जुड़े लोग बाहरी जिलों या राज्यों से कोटद्वार पहुंचकर माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यूपी बॉर्डर से सटे क्षेत्रों, सनेह चौकी और चिल्लरखाल बैरियर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हरिद्वार और उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कोटद्वार में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या नहीं है। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस विवाद को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में पुलिस की साइबर टीम और स्थानीय खुफिया इकाई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय होकर अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर रही है।
इस पूरे मामले में दर्ज मुकदमों की जांच भी तेज कर दी गई है। 26 जनवरी को पटेल मार्ग स्थित दुकान पर हुई घटना को लेकर दोनों पक्षों द्वारा दी गई तहरीरों की जांच बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार को सौंपी गई है। वहीं, 31 जनवरी को देहरादून और हरिद्वार से आकर हंगामा करने वाले लोगों की भूमिका की जांच उपनिरीक्षक दिनेश चमोली कर रहे हैं।
पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े लोगों की पहचान कर बयान दर्ज कर रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी स्थिति में शांति भंग न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों, अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोटद्वार में शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




