
विकासनगर (देहरादून)। उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों को लेकर जा रही हिमाचल प्रदेश रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में अब तक दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही थी। जैसे ही बस हरिपुर–कोटी–मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास पहुंची, तभी चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। खाई गहरी होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है।





