
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों के सत्यापन के लिए पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने ही फायरिंग की घटना हो गई। इस सनसनीखेज वारदात में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई और प्रॉपर्टी डीलर सचिन चौहान सहित दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक अमला सरकारी भूमि पर कब्जे से संबंधित शिकायतों की जांच के लिए गांव में मौजूद था। इसी दौरान भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भाजपा से जुड़े अतुल चौहान और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान के बीच पहले तीखी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
विवाद बढ़ने के बीच अचानक गोली चलने की आवाज गूंजी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगते ही सचिन चौहान जमीन पर गिर पड़े। गोली उनके पेट में लगी है, जिससे उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना में उनके एक रिश्तेदार कृष्णपाल भी गोली लगने से घायल हो गए। फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे और कुछ समय के लिए स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई।
सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस के साथ एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के चलते दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटनाक्रम में शामिल लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई, गोली किसने चलाई और विवाद की असली वजह क्या रही, इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में हुई इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।





