
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव के बाद नया अध्याय आज से शुरू होने जा रहा है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आज रविवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। लंबे समय से जारी संगठनात्मक चर्चाओं और दिल्ली दौरों के बीच अब पार्टी नेतृत्व ने उन्हें फिर से प्रदेश संगठन की कमान सौंपी है, जिसके बाद कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में नए अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गणेश गोदियाल हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले, जहां राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन को मजबूत करने की रणनीति और आगामी चुनावों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। खड़गे से मुलाकात के बाद आज गोदियाल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आधिकारिक रूप से नए पद का कार्यभार संभालेंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित कई वरिष्ठ नेता विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
इसी अवसर पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा भी कार्यभार औपचारिक रूप से गोदियाल को सौंपेंगे। कांग्रेस हाईकमान ने पिछले दिनों गोदियाल के नाम का औपचारिक ऐलान किया था, जिसके आदेश कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने जारी किए थे। इस बदलाव के साथ ही संगठन के अन्य प्रमुख पदों में भी फेरबदल किया गया है। प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष और डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में स्थान दिया गया है।
गणेश गोदियाल का यह दूसरा कार्यकाल होगा। इससे पहले वे 22 जुलाई 2021 से 10 अप्रैल 2022 तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। माना जा रहा है कि पार्टी उनके अनुभव का लाभ उठाकर आगामी राजनीतिक चुनौतियों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। पार्टी कार्यालय में आज होने वाला कार्यक्रम संगठन की एकजुटता और नेतृत्व परिवर्तन की औपचारिक घोषणा के रूप में देखा जा रहा है, जहां नए अध्यक्ष से दिशा और रणनीति को लेकर बड़े संदेश की उम्मीद है।




