
ऊधम सिंह नगर। ओडिशा से ऊधम सिंह नगर जिले के लालपुर क्षेत्र में इंटर्नशिप के लिए आई एक 23 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार मकान मालिक के बेटे ने युवती से दुष्कर्म करने की कोशिश की, और जब वह विरोध करने लगी तो उसने गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी ने अपने भाई की मदद से शव को चादर में लपेटकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने दस घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भाई फरार है।
जानकारी के अनुसार ओडिशा के जेकेपुर रायगड़ निवासी युवती लालपुर में पिछले छह महीनों से किराए के मकान में रह रही थी। वह एक निजी कंपनी के एचआर विभाग में इंटर्नशिप कर रही थी। चार नवंबर की दोपहर करीब तीन बजे वह कंपनी से अपने कमरे पर लौटी थी। उस समय घर पर मकान मालिक का बेटा अमित मौजूद था, जबकि उसके बाकी परिवारजन अस्पताल गए हुए थे। अमित ने युवती को रोटी बनाने के लिए बुलाया और इसी दौरान उस पर गलत नीयत से झपटा। जब युवती ने शोर मचाया तो आरोपी ने पहले उसका गला दबाया और फिर कमरे में रखी चादर से गला घोंटकर हत्या कर दी।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
हत्या के बाद आरोपी ने शव को कमरे में छिपाकर अपने पिता के साथ रुद्रपुर अस्पताल चला गया। बाद में अपने भाई सुमित के साथ लौटकर दोनों ने शव को चादर में लपेटा और बाइक पर रखकर श्मशानघाट के पास नाले में फेंक दिया। पुलिस ने शक के आधार पर अमित को हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उसने पूरे अपराध को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने युवती का शव, हत्या में प्रयुक्त चादर और आरोपी के कपड़े बरामद कर लिए हैं।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि वारदात का खुलासा तब हुआ जब मृतका की मां ने कई बार फोन मिलाया, लेकिन बेटी से संपर्क नहीं हो पाया। चिंतित होकर उन्होंने दिल्ली में अपने एक रिश्तेदार को रुद्रपुर भेजा, जिसने मौके पर पहुंचकर देखा कि घर पर ताला लगा हुआ है। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने मकान मालिक के बेटे अमित से पूछताछ की तो मामला सामने आया।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका भाई सुमित अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। इस जघन्य हत्या ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।





