
हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह की श्रृंखला में गुरुवार को हल्द्वानी में राज्य स्तरीय सैनिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में होने वाले इस भव्य आयोजन में प्रदेशभर से पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके परिजन शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे, जो पूर्व सैनिकों को संबोधित करेंगे और उनके कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों का बुधवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में आने वाले पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, भोजन, शौचालय, छायादार बैठने की जगह और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हर स्तर पर व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
गणेश जोशी ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य राज्य के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके आश्रितों को सरकार की योजनाओं और कल्याणकारी नीतियों की जानकारी देना है। साथ ही वीर नारियों का सम्मान भी किया जाएगा, जिन्होंने देश की सेवा में अपने प्रियजनों को खोया। यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसमें सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति आदर और सहयोग की भावना केंद्र में है।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेनि) रमेश सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सूचना विभाग के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कार्यक्रम तय हो चुका है। वह सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर आर्मी हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे, जहां से एमबी इंटर कॉलेज मैदान जाएंगे और पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर साढ़े 12 बजे हल्द्वानी से प्रस्थान कर रामनगर जाएंगे, जहां वे नगर वन में आयोजित जन वन महोत्सव और रामनगर डिग्री कॉलेज के विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे।




