
हरिद्वार। अभिषेक गुप्ता मर्डर केस की मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये की इनामी विवादित धर्मगुरु पूजा शकुन पांडे को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पूजा को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया, जहां उसकी लोकेशन ट्रेस की गई थी। शनिवार को अलीगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे अपने कब्जे में लिया।
पूजा शकुन पांडे, जो कभी निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर रह चुकी हैं, लंबे समय से फरार चल रही थीं। अखाड़े ने उन्हें विवादों में फंसने के बाद पद से हटा दिया था। वह हरिद्वार की धर्म संसद में भी शामिल हुई थीं, जहां उनके भड़काऊ बयानों को लेकर भारी बवाल मचा था।
अभिषेक गुप्ता हत्याकांड में पुलिस को लंबे समय से पूजा की तलाश थी। सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद वह हरिद्वार भी आई थी, जिसकी सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी गतिविधियों पर नज़र रखे हुए थी। पूजा शकुन पांडे के खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। वह खुद को “हिंदूवादी नेता” बताती रही हैं और अपने विवादित बयानों के कारण कई बार सुर्खियों में रहीं।
फिलहाल पुलिस पूजा से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या में उसकी भूमिका और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी मिल सके। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि अभिषेक गुप्ता मर्डर केस की जांच में अब कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं।