
सासाराम (रोहतास) – बिहार के सासाराम शहर में शुक्रवार सुबह यातायात पुलिस की घोर लापरवाही के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सासाराम के गौरक्षणी मोहल्ले में महावीर मंदिर के पास उस वक्त हुई जब नो एंट्री में प्रवेश कर रहे एक ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। मृतक की पहचान सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करमडिहरी गांव निवासी अनिल चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है। वह अपने दोपहिया वाहन से कोचिंग के लिए जा रहा था, तभी महावीर मंदिर के पास ट्रक ने उसे कुचल दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का आक्रोश, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि शहर में नो एंट्री के बावजूद दिन भर ट्रकों की आवाजाही होती रहती है, और यातायात पुलिस इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं करती। प्रदर्शनकारियों ने एसपी को मौके पर बुलाने, मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कई घंटों तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
प्रशासन की पहल पर बहाल हुआ यातायात
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीएम आशुतोष रंजन और डीएसपी वन दिलीप कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और उचित मुआवजा व कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क से जाम हटाया और यातायात सामान्य हो सका। हालांकि, जाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था लगभग दो घंटे तक बाधित रही और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नो एंट्री का पालन न होना बना हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, शहर में सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक नो एंट्री लागू है, जिसके तहत भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। बावजूद इसके, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक ट्रक शहर के व्यस्त इलाके गौरक्षणी में घुसा और यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात पुलिस की मिलीभगत से शहर में ट्रकों का अवैध प्रवेश आम बात हो गई है।