
हलवारा (पंजाब)। लुधियाना के हलवारा में ऐसी घटना हुई है, जिससे मानवता शर्मसार हुई है। हलवारा के सुधार के एक गांव में गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी ने 12 साल की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना डाला। थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया कि आरोपी ग्रंथी जरनैल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित नाबालिग की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
ग्रंथी जरनैल सिंह पहले भी कई बार पीड़िता का शारीरिक शोषण कर चूका था। पीड़िता ने मां को बताया कि आरोपी ग्रंथी जरनैल सिंह शारीरिक शोषण करने के बाद धमकाता था। आरोपी किसी को कुछ बताने और पुलिस शिकायत करने की सूरत में परिवार समेत जान से मारने की धमकियां देता था। वीरवार को जब पीड़िता गुरुद्वारा में माथा टेकने गई तो आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण किया। रात को किसी तरह हिम्मत करके पीड़िता ने सारी घटना अपनी मां को बताई। बच्ची की बात सुनकर परिवार के रोंगटे खड़े हो गए।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ग्रंथी जरनैल सिंह गुरुद्वारा के दरबार साहिब के अंदर ले गया और दरवाजे बंद करके शारीरिक शोषण किया। इस से पहले भी कई बार शोषण किया। थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार ने हिम्मत करके पंचायत को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उनके पास शिकायत पहुंच गई। पुलिस ने बच्ची के साथ हैवानियत करने वाले आरोपी जरनैल सिंह को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर किरनदीप कौर को सौंप दी गई है।