
ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत नगनोली गांव में दो परिवारों के बीच किसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में तेजधार हथियारों से एक-दूसरे पर हमला किया गया। इस घटना में दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एक अज्ञात आरोपी सहित 12 लोगों के खिलाफ क्राॅस केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार एक पक्ष के शिकायतकर्ता अजय कुमार (22) निवासी वार्ड-5 गांव नगनोली तहसील हरोली जिला ऊना ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार शाम को अपने परिवार के साथ घर में बैठे थे। घर में उनकी माता, भाभी, बहन और मौसी का लड़का भी मौजूद थे।
इसी दौरान आरोपी सतीश, प्रवीण, निक्कू राम सभी निवासी वार्ड-5 गांव नगनोली तहसील हरोली उनके घर की चहारदीवारी के अंदर आ गए। आरोपियों के साथ एक अन्य व्यक्ति भी था, जिसका नाम उसे नहीं पता। आरोपियों के हाथों में डंडे और लोहे के हथियार थे। आरोपियों ने गेट के अंदर आते ही बिना कोई बातचीत किए उन पर हमला बोल दिया। उन्होंने शोर मचाया तो उसके चाचा का लड़का अमनदीप वहां पहुंचा। आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस हमले में उसे, उसकी बहन प्रिया, माता रेखा रानी सहित मौसी के लड़के साहिल कुमार को चोटें आई हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष से निक्कू राम (31) निवासी वार्ड-05 गांव नगनोली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी रजनी को अमनदीप निवासी गांव नगनोली धमकियां देता है। पुलिस को बताया कि उसने कई बार आरोपी को समझाया। बीते सोमवार देर शाम आरोपी अमनदीप, अजय कुमार, रोहित कुमार, रॉकी, साहिल, आरती, कोमल और रेखा हाथों में कस्सियां, दराट और डंडे लेकर हमारे घर के गेट के बाहर आ गए। आरोपी उनके साथ गाली-गलौज व धमकियां देने लगे। जब वह और उसका भाई सुरेंद्र कुमार गेट की तरफ गए तो बाहर निकलते ही आरोपियों ने हमला कर दिया। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच जारी है।







