
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र स्थित बियाडा इलाके में मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को गोली मार दी। महिला के पेट में तीन गोली लगी है। गोलियों की आवाज सुनने के बाद स्थानीय लोग दौड़े। लोगों से घिरते देख बाइकर्स बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी अवधेश सरोज दीक्षित मौके पर पहुंचकर जांच की। आसपास में लगे सीसी कैमरे को खंगाला गया। इसमें बाइकर्स बदमाश की तस्वीर कैद है।
इसके आधार पर पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है। बताया गया कि रामबाग इलाके की संस्कृति समृद्धि स्कूटी से बेला स्थित फैक्ट्री में रोज दिन की तरह डयूटी पर जा रही थी। इसी क्रम में फैक्ट्री के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने महिला को देखते ही गोली मार दी। गोली लगने के बाद महिला स्कूटी से गिर गई। इसके बाद बदमाश पास में पहुंचकर फिर दो गोली मारी।
गोली लगने के बाद आसपास के लोग पहुंचे। इस दौरान बदमाशों द्वारा कई राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने मौके से तीन खोखा और दो कारतूस जब्त की है। बता दें कि महिला मेहरोत्रा इंजीनियरिंग वर्क प्राइवेट लिमिटेड में काम करती है। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन बदमाश हाई स्पीड बाइक से आए थे, जिसमें से दो बदमाश बाइक पर सवार थे। एक ने इस घटना को अंजाम दिया। कुछ महीने पहले भी उस महिला के साथ मारपीट व छिनतई की घटना उसी जगह पर हुई थी।